मूंगफली की फसल में सिंचाई के दौरान हुआ हादसा; 16 वर्षीय बेटी ने पिता को बचाने की कोशिश में गंवाई जान, परिवार में पसरा मातम
बीदासर। बीदासर थाना क्षेत्र में शुक्रवार (25 सितंबर 2026) की सुबह एक अत्यंत दुखद और दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से पिता और उसकी 16 वर्षीय बेटी की अकाल मौत हो गई। यह हृदयविदारक घटना डूंगरगढ़ रोड स्थित पुलिस थाने के पीछे स्थित एक खेत में घटित हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीडूंगरगढ़ तहसील के राणासर गांव निवासी 35 वर्षीय चैनाराम नायक पिछले करीब 4 महीनों से बीदासर में गोपाल महिया के खेत में अपने परिवार के साथ काश्तकार के रूप में रहकर कृषि कार्य कर रहा था।

📌 यह भी पढ़ें (संबंधित खबरें): 👉 बीदासर क्षेत्र की 44 ग्राम पंचायतों की आरक्षण लॉटरी जारी: 13 सीटें SC, 9 OBC और 22 सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित
👉 बीदासर पंचायत समिति के आरक्षण का पिटारा खुला: प्रधान की कुर्सी सामान्य महिला के लिए आरक्षित
पिता को बचाने उतरी बेटी का भी फिसला पैर
शुक्रवार सुबह चैनाराम खेत में मूंगफली की फसल की सिंचाई के लिए डिग्गी में पाइप लगा रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा।
पिता को पानी में डूबता देख पास ही मौजूद उसकी 16 वर्षीय बेटी लिला बिना अपनी जान की परवाह किए पिता को बचाने के लिए दौड़ी। पिता को बाहर निकालने के प्रयास में अचानक बच्ची का भी पैर फिसल गया और वह भी डिग्गी के गहरे पानी में समा गई।
📌 विशेष कवरेज: 👉 बीदासर में मन्नालाल नाई निर्विरोध बने नगरपालिका उपाध्यक्ष, कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
चीख-पुकार सुनकर परिजनों ने खेत मालिक को सूचित किया। खेत मालिक ने तुरंत मौके पर पहुंचकर रस्से के सहारे डिग्गी में उतरकर दोनों पिता-पुत्री को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद दोनों को निजी वाहन से राजकीय टांटिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने गहन जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बीदासर पुलिस अस्पताल पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। एसआई राजेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के भाई हरिराम नायक की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए हैं।
📌 बीदासर की अन्य खबरें: 👉 बीदासर में भाजपा का परचम: सुमन प्रजापत बनीं नगरपालिका अध्यक्ष, 19 वोट से दर्ज की शानदार जीत
परिवार में मचा कोहराम, गांव में छाया मातम
मृतक चैनाराम अपने पीछे एक बेटा और दो बेटियां छोड़ गया है, जबकि इस दर्दनाक हादसे में उसकी सबसे बड़ी बेटी लिला की भी जान चली गई। पिता और बेटी की एक साथ हुई असमय मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
(बीदासर और आसपास की हर जरूरी व जमीनी खबर के लिए जुड़े रहिए—खबर मीडिया के साथ)

