197 नामांकन दाखिल, नाम वापसी के बाद साफ होगी अंतिम तस्वीर; निर्दलीयों और बागियों ने बढ़ाया रोमांच
बीदासर। नगर पालिका चुनाव में नामांकन का दौर भले ही थम गया हो, लेकिन इसके बाद सामने आए नए समीकरणों ने बीदासर की चुनावी सियासत को बेहद दिलचस्प बना दिया है। कहीं भाजपा का अधिकृत प्रत्याशी गायब है, कहीं कांग्रेस का कोई चेहरा मैदान में नहीं है, तो कहीं एक ही परिवार के दो-दो सदस्य चुनाव मैदान में ताल ठोक रहे हैं।

नामांकन प्रक्रिया के दौरान कुल 197 नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जिनमें से अकेले अंतिम दिन ही 158 पर्चे भरे गए।
📌 यह भी पढ़ें:
👉 बीदासर निकाय चुनाव: वार्ड 27 में भाजपा की बड़ी चूक, सिंबल मिलने के बाद भी क्यों नहीं भरा नामांकन?
👉 बीदासर निकाय चुनाव: कांग्रेस के 30 प्रत्याशियों की अंतिम सूची देखने के लिए यहाँ क्लिक करें

11 वार्डों में सिंबल गायब: निर्दलीय तय करेंगे चेयरमैन की कुर्सी!
नामांकन की स्थिति साफ होने के बाद जो सबसे चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं, उनके मुताबिक बीदासर के 11 वार्डों में मुख्य दलों के सिंबल ही गायब हैं:
- कांग्रेस के बिना वार्ड: वार्ड 4, 5, 6, 13 और 19 में कांग्रेस का कोई अधिकृत प्रत्याशी नहीं है।
- भाजपा के बिना वार्ड: वार्ड 22, 23, 25, 26, 31 और 32 में भाजपा का कोई उम्मीदवार मैदान में नहीं है।
ऐसे में इन वार्डों में निर्दलीय और बागी प्रत्याशी ही पूरी चुनावी बाजी पलटने का दम रखते हैं।
एक ही परिवार में दो-दो टिकट: रिश्तेदार भी आमने-सामने
बीदासर चुनाव में परिवारवाद और रिश्तों के अनूठे समीकरण भी देखने को मिल रहे हैं:
- कांग्रेस से पति-पत्नी: कांग्रेस ने वार्ड 7 से गिरधारी मेहला और वार्ड 9 से उनकी पत्नी सोना देवी मेहला को अपना प्रत्याशी बनाकर मैदान में उतारा है।
- भाजपा से देवरानी-जेठानी: भाजपा ने वार्ड 8 से पूनम (पत्नी कमल सैनी) और वार्ड 9 से पूनम (पत्नी ललित सैनी) को टिकट थमाया है।

टिकट मिलने के बाद भी मैदान से बाहर हुई भाजपा!
बीदासर चुनाव की सबसे चर्चित खबर वार्ड नंबर 27 की रही, जहाँ भाजपा ने सुमित्रा देवी को अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर सिंबल भी सौंपा था। लेकिन ऐन वक्त पर नामांकन दाखिल न होने के कारण पार्टी चुनाव शुरू होने से पहले ही रेस से बाहर हो गई। जिस वार्ड में दावेदारों की कतार थी, वहाँ पार्टी बिना उम्मीदवार के रह गई।
वार्ड 1, 2, 25 और 33 में सबसे तगड़ा मुकाबला
नामांकन आंकड़ों के लिहाज से वार्ड 1, 2, 25 और 33 सबसे ज्यादा हॉट सीट बने हुए हैं। इन चारों वार्डों में 10-10 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं, जिससे यहाँ मुकाबला बहुकोणीय और बेहद कड़ा होने की पूरी उम्मीद है।
फिलहाल बीदासर का चुनाव केवल भाजपा बनाम कांग्रेस न रहकर निर्दलीयों, बागियों और पारिवारिक समीकरणों के बीच उलझ गया है। नाम वापसी के बाद ही अंतिम तस्वीर साफ होगी कि सिरमौर कौन बनता है।
(बीदासर निकाय चुनाव 2026 की हर बड़ी और ग्राउंड रिपोर्ट के लिए जुड़े रहिए—खबर मीडिया के साथ)

