भाजपा व कांग्रेस में दांव-पेच तेज; चेयरमैन की रेस में दिग्गज नेताओं की पत्नियों समेत 6 निर्दलीय निभाएंगे निर्णायक भूमिका
बीदासर। बीदासर नगर पालिका चुनाव 2026 के नतीजों के बाद अब पूरा राजनीतिक फोकस पालिकाध्यक्ष (चेयरमैन) की कुर्सी पर टिक गया है। 35 वार्डों वाली नगर पालिका में भाजपा 16 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, जबकि कांग्रेस के खाते में 13 सीटें आई हैं और 6 निर्दलीय पार्षदों ने जीत दर्ज की है।
स्पष्ट बहुमत न होने के कारण अब चेयरमैन बनाने के लिए भाजपा को जहां निर्दलीयों में पैठ बनानी होगी, वहीं कांग्रेस के सामने निर्दलीयों को साथ लाकर बड़ा उलटफेर करने की चुनौती है। निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी लोक सूचना के अनुसार बीदासर में चेयरमैन चुनाव का पूरा कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है।
📌 यह भी पढ़ें (संबंधित खबरें):
👉 बीदासर में चुनावी पिटारा खुला तो निकला उल्टा गणित—वोट कांग्रेस के, सीट BJP की!
👉 बीदासर निकाय चुनाव 2026 परिणाम: देखें 35 वार्डों के विजेताओं की पूरी सूची
बीदासर चेयरमैन चुनाव 2026: चुनावी तिथियों का पूरा शेड्यूल
| चरण / प्रक्रिया | निर्धारित तिथि | समय |
| नामांकन पत्र दाखिल करना | 16 सितंबर 2026 | सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक |
| नामांकन पत्रों की जांच (समीक्षा) | 17 सितंबर 2026 | सुबह 10:30 बजे से |
| नाम वापसी की अंतिम तिथि | 18 सितंबर 2026 | दोपहर 3:00 बजे तक |
| अध्यक्ष पद हेतु मतदान | 21 सितंबर 2026 | सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक |
| मतगणना व परिणाम | 21 सितंबर 2026 | मतदान समाप्ति के तुरंत बाद |
भाजपा में दो मजबूत दावेदार: निर्विरोध सुमन कुम्हार बनाम अनुभवी सरिता सिंघी
भाजपा खेमे में चेयरमैन पद के लिए दो नाम सबसे आगे चल रहे हैं:
सुमन कुम्हार (वार्ड-15): वार्ड-15 से निर्विरोध निर्वाचित होकर सुमन कुम्हार ने अपनी स्थिति काफी मजबूत की है। उनके पति बाबूलाल कुम्हार पूर्व में भाजपा से पार्षद रह चुके हैं। स्थानीय गलियारों में चर्चा है कि करीब डेढ़ दर्जन पार्षदों का समर्थन उनके पक्ष में दिख रहा है, जिससे वे सबसे मजबूत दावेदारों में से एक हैं।

सरिता सिंघी (वार्ड-2): वर्ष 2015 में भाजपा से पार्षद रह चुकीं सरिता सिंघी पोस्ट ग्रेजुएट हैं और बहुकोणीय मुकाबले में सामान्य वर्ग की महिला सीट से जीत दर्ज की है। यदि पार्टी अनुभव और योग्यता पर दांव खेलती है तो इनका नाम सबसे ऊपर रहेगा।

📌 विशेष कवरेज:
👉 बीदासर में निष्पक्ष चुनाव के लिए पुलिस का फ्लैग मार्च, अधिकारियों ने दिया भयमुक्त मतदान का संदेश
कांग्रेस में नेताओं की साख दांव पर: संगठन से जुड़े तीन बड़े चेहरे मैदान में
कांग्रेस की ओर से तीन प्रमुख महिला पार्षदों का नाम चेयरमैन की रेस में आगे आ रहा है:
सोनादेवी मेहला (वार्ड-9): वरिष्ठ कांग्रेस नेता गिरधारी मेहला की पत्नी सोनादेवी ने भाजपा के दिग्गज नेताओं की जनसभाओं के बावजूद हाई-प्रोफाइल वार्ड-9 से जीत दर्ज कर अपना राजनीतिक कद बढ़ाया है।

केसर देवी (वार्ड-3): बीते 15 वर्षों से नगर कांग्रेस अध्यक्ष की कमान संभाल रहे जेठाराम यादव की पत्नी केसर देवी के नाम की चर्चा भी जोरों पर है। पति का मजबूत संगठनात्मक प्रभाव इनके पक्ष में जा सकता है।

केसर देवी (वार्ड-27): पूर्व पालिका उपाध्यक्ष नंदलाल छापोला की पत्नी केसर देवी के पास पारिवारिक राजनीतिक अनुभव है। उनके पुत्र सीताराम प्रजापत द्वारा वार्ड-15 से पर्चा वापस लेने के बाद ही भाजपा की सुमन कुम्हार निर्विरोध जीती थीं, जिसे लेकर नए सियासी समीकरण बन रहे हैं।

6 निर्दलीय तय करेंगे सत्ता की दिशा: मोहरा कंवर व इंदिरा देवी पर नजरें
अध्यक्ष पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित होने के कारण 6 निर्दलीय पार्षद पूरे खेल के ‘किंगमेकर’ बन गए हैं:
मोहरा कंवर (वार्ड-4): भाजपा के गढ़ माने जाने वाले वार्ड-4 से सामान्य वर्ग में जीत हासिल कर मोहरा कंवर ने सबको चौंकाया है। निर्दलीय चेहरे के रूप में इनका नाम सर्वमान्य हो सकता है।

इंदिरा देवी (वार्ड-5): वरिष्ठ निर्दलीय नेता बेगराज नाई की पत्नी इंदिरा देवी भी मजबूत दावेदार हैं। बेगराज नाई पिछला चेयरमैन चुनाव महज 3 वोटों से हारे थे।

पुष्सी देवी (वार्ड-32): पूर्व भाजपा चेयरमैन हुक्मचंद गुसाईवाल के परिवार से जुड़ाव के चलते इनका समर्थन भाजपा खेमे के लिए आसान माना जा रहा है।
📌 बीदासर की अन्य खबरें:
21 सितंबर को खुलेगा बीदासर की सत्ता का राज
16 के आंकड़े पर खड़ी भाजपा को 18 का बहुमत पाने के लिए 2 निर्दलीयों की दरकार है, जबकि 13 सीटों वाली कांग्रेस को बोर्ड बनाने के लिए 5 पार्षदों का साथ चाहिए। बाड़ाबंदी का दौर शुरू हो चुका है और 16 सितंबर को पर्चा दाखिल होने के साथ ही बीदासर चेयरमैन चुनाव की अंतिम तस्वीर साफ होना शुरू हो जाएगी।
(बीदासर निकाय चुनाव और चेयरमैन पद की हर पल की ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहिए—खबर मीडिया के साथ)

