111 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला; 10 संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त जाब्ता तैनात, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
बीदासर। बीदासर नगर पालिका चुनाव 2026 के लिए शुक्रवार को बहुप्रतीक्षित मतदान होगा। सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक कस्बे के 35 वार्डों में बनाए गए 37 मतदान केंद्रों पर कुल 30,513 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर स्थानीय सरकार का फैसला करेंगे। मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के साथ ही चुनावी मैदान में डटे 111 प्रत्याशियों का राजनीतिक भाग्य ईवीएम (EVM) में बंद हो जाएगा।
चुनाव मैदान की बात करें तो भाजपा के 27, कांग्रेस के 28, आरएलपी (RLP) के 8 और 48 निर्दलीय उम्मीदवार ताल ठोक रहे हैं। चुनावी रण में कुल 46 महिला प्रत्याशी भी अपनी किस्मत आजमा रही हैं। बड़ी संख्या में मजबूत निर्दलीय उम्मीदवारों की मौजूदगी ने कई वार्डों में मुकाबले को त्रिकोणीय और बेहद दिलचस्प बना दिया है।
📌 यह भी पढ़ें (संबंधित खबरें): 👉 बीदासर में निष्पक्ष चुनाव के लिए पुलिस का फ्लैग मार्च, अधिकारियों ने दिया भयमुक्त मतदान का संदेश
मतदान दल रवाना, अधिकारियों ने दिए निष्पक्ष चुनाव के निर्देश

गुरुवार को ज्ञान ज्योति विद्यालय में मतदान कर्मियों को अंतिम प्रशिक्षण देने के पश्चात निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम अमीलाल यादव ने ईवीएम मशीनें और आवश्यक सामग्री सौंपकर पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया।
प्रशासन की ओर से सभी मतदान कर्मियों को पूरी सतर्कता, भयमुक्त वातावरण और निष्पक्षता के साथ चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
📌 विशेष कवरेज: 👉 बीदासर निकाय चुनाव: भाजपा की बढ़त, कांग्रेस को बड़ा झटका; वार्ड-15 में सुमन कुम्हार निर्विरोध निर्वाचित
10 संवेदनशील बूथों पर कड़ी चौकसी, शाम 6 बजे टोकन व्यवस्था
प्रशासन ने बीदासर के 10 मतदान केंद्रों को संवेदनशील चिन्हित किया है। शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए वार्ड 1, 4, 7, 9, 10, 23, 24, 27, 31 और 33 के बूथों पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता और विशेष निगरानी दल तैनात रहेगा।
निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, शाम 6 बजे तक मतदान केंद्र परिसर में प्रवेश करने वाले अंतिम मतदाता को भी टोकन जारी कर मतदान का अधिकार दिया जाएगा। मतदाताओं को वोट डालने के लिए पहचान पत्र (Voter ID) अथवा चुनाव आयोग द्वारा मान्य 11 अन्य फोटोयुक्त पहचान दस्तावेजों में से किसी एक को साथ लाना अनिवार्य होगा।
📌 बीदासर की अन्य खबरें: 👉 बीदासर में गोगानवमी पर गोगामेड़ी में दिनभर धार्मिक कार्यक्रम, रात को भव्य भक्ति जागरण
(बीदासर निकाय चुनाव 2026 की पल-पल की लाइव अपडेट और सटीक खबरों के लिए बने रहिए—खबर मीडिया के साथ)

